Categories

November 3, 2026

Suryoday Samvaad

Nayi Soch Nayi Disha

चांडिल डेम विस्थापितों की समस्याओं को लेकर विधायक सविता महतो को सौंपा गया विस्तृत ज्ञापन

बिष्णु पद महापात्र 📲 9471102055 (wa)

SERAIKELLA : : चाण्डिल डेम परियोजना से प्रभावित 116 गाँवों के विस्थापित परिवारों की समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर विस्थापित अधिकार मंच फाउंडेशन के अध्यक्ष राकेश रंजन महतो के नेतृत्व में सोमवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक सविता महतो को विस्तृत ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में विस्थापितों ने कहा कि दशकों बीत जाने के बावजूद उन्हें आज तक वैधानिक अधिकार और पुनर्वास संबंधी लाभ नहीं मिल पाए हैं। अधूरे पुनर्वास स्थल, विकास पुस्तिकाओं में विसंगतियां, रोजगार एवं प्रशिक्षण के वादे पूरे न होना और भ्रष्टाचार- दलाली जैसी समस्याओं के कारण वास्तविक हकदार वंचित रह गए हैं।

: विस्थापितों की प्रमुख मांगें :

🔹 चांडिल डेम विस्थापित परिवारों को मंडल डेम विस्थापितों की तर्ज पर 15 लाख रुपये का मुआवजा और एक एकड़ जमीन दी जाए।
🔹 विकास पुस्तिका में वास्तविक विस्थापितों का नाम जोड़ा जाए तथा फर्जी नाम हटाकर पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।
🔹 सरकारी विभागों में नियोजन में प्राथमिकता मिले और 2025 की नई भर्ती नियमावली में विस्थापितों के लिए संशोधन हो।
🔹 अधूरे पड़े पुनर्वास स्थलों का विकास हो और अवैध अतिक्रमण रोकने के लिए सीमांकन व चारदीवारी की व्यवस्था की जाए।


🔹 चांडिल डेम से पानी लेने वाली सभी कंपनियों में विस्थापितों के लिए रोजगार अनिवार्य किया जाए।
🔹 पुनर्वास अनुदान का पारदर्शी वितरण प्रत्येक गाँव में कैंप लगाकर किया जाए और चांडिल पुनर्वास कार्यालय की उच्चस्तरीय जांच हो।
🔹 भ्रष्टाचार और दलाली पर रोक लगाई जाए।

🔹 2018 के बाद बनाई गई संदिग्ध व विभाजित विकास पुस्तिकाओं की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई हो।
🔹 विस्थापित युवाओं को प्रशिक्षण एवं कौशल विकास योजना का लाभ, प्रमाणपत्रधारियों को रोजगार और प्रशिक्षण राशि मिले।

इस मौके पर अध्यक्ष राकेश रंजन महतो ने कहा कि—
        “चांडिल डेम से प्रभावित परिवारों का दर्द अब असहनीय हो चुका है। यह केवल जमीन का नहीं, बल्कि अस्तित्व और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य का सवाल है। यदि हमारी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और व्यापक किया जाएगा।”

वहीं ज्ञापन सौंपते हुए विस्थापितों ने विधायक को स्पष्ट संदेश दिया कि अब वे चुप नहीं बैठेंगे। फाउंडेशन को आशा है कि विधायक सविता महतो इस मुद्दे को विधानसभा व सरकार स्तर पर मजबूती से उठाएंगी और विस्थापित परिवारों को न्याय दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान मनोहर महतो और हरेकृष्ण महतो भी उपस्थित थे।

About Author

Leave a Reply