Categories

Recent Posts

November 3, 2026

Suryoday Samvaad

Nayi Soch Nayi Disha

कल दिल्ली जाएंगे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, मंत्रिमंडल विस्तार पर करेंगे चर्चा

जयपुर। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने की बाद पहली बार भजनलाल शर्मा कल यानी रविवार को दिल्ली जा रहे हैं. दिल्ली में भजन लाल शर्मा पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे. सीएम भजनलाल इसके साथ ही स्थानीय कार्यक्रमों में भी शिरकत करेंगे. बताया जा रहा है कि सीएम रात्रि विश्राम भी दिल्ली में ही करेंगे।

सीएम भजनलाल दोपहर 1 बजे स्पेशल प्लेन से दिल्ली के लिए रवाना होंगे. सीएम के अचानक दिल्ली के बने कार्यक्रम के बाद अब मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं. माना जा रहा कि दिल्ली में होने वाली वरिष्ठ नेताओं की मुलाकात में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चा हो सकती है. दिल्ली जाने से पहले सीएम भजन लाल ने आज राज्यपाल कलराज मिश्र से भी मुलाकात की। माना जा रहा है कि राजस्थान में जल्द ही मंत्रिमंडल का विस्तार होगा।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की दिल्ली से लौटने के साथ ही मंत्रिमंडल विस्तार किया जा सकता है. दिल्ली में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर मंथन हो सकता है, पार्टी सूत्रों की मानें तो यह मंत्रीमंडल विस्तार पहली बार में संक्षिप्त होगा, जिसमें 10 कैबिनेट मंत्री और पांच राज्य मंत्री बनाए जा सकते हैं. बता दे कि देश में 6 महीने बाद लोकसभा चुनाव है, ऐसे में भारतीय जनता पार्टी राजस्थान में अब जल्द से जल्द अपने काम को गति देने की कोशिश करेगी, ताकि इसका लाभ लोकसभा चुनाव में मिल सके।

एक दिन पहले ही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने साफ कर दिया था कि प्रदेश की गहलोत सरकार ने जिस तरह से राजस्थान को विकास में पीछे धकेला है, उसे अब डबल इंजन की सरकार आगे बढ़ाएगी और उसको लेकर काम शुरू हो गया है. बीजेपी ने अपने घोषणा पत्र को सरकारी दस्तावेज मानते हुए काम को गति देना शुरू कर दिया है। दिल्ली जाने से पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राज्यपाल कलराज मिश्र से मुलाकात की है. हालांकि राज्यपाल से सीएम की मुलाकात को शिष्टाचार मुलाकात बताया जा रहा है.वहीं राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि मुख्यमंत्री ने राज्यपाल से मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चा की है. राज्यपाल और मुख्यमंत्री की मुलाकात के बाद अब मंत्रिमंडल विस्तार की खबरों को बल मिल गया है. सूत्रों की मानें तो सोमवार या मंगलवार को मंत्रिमंडल विस्तार हो सकता है।