उपायुक्त ने विद्यालयों में बच्चों की नियमित उपस्थिति, स्मार्ट क्लास संचालन एवं बेहतर शैक्षणिक परिणाम सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

सरायकेला, 01 अक्टूबर 2026, गुरुवार (भाग्य सागर)

समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। विद्यालयवार एवं प्रखंडवार प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

(APAAR ID) जनरेशन में धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित विद्यालयों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने, लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए वेतन निकासी पर रोक लगाने तथा किसी कारणवश छूटे हुए बच्चों का जन्म प्रमाण-पत्र, आधार एवं बैंक खाता शीघ्र खुलवाने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने विद्यालयों में बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, कम उपस्थिति वाले विद्यालयों में सुधारात्मक कार्रवाई करने, मध्याह्न भोजन, पोशाक सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत बच्चों को समय पर उपलब्ध कराने तथा इसकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

नियमित गुरु गोष्ठी आयोजित करने, शिक्षकों के बीच शैक्षणिक गतिविधियों, बच्चों की प्रगति एवं विद्यालय स्तर की समस्याओं को लेकर समन्वय स्थापित करने, बच्चों को खेल-खेल में शिक्षा, व्यवहारिक ज्ञान एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता प्रदान करने तथा कक्षाओं में दीवार लेखन एवं आईसीटी आधारित शिक्षण सामग्री का प्रभावी उपयोग करने पर बल दिया गया।
स्मार्ट क्लास के उपयोग की समीक्षा करते हुए ऐसे सभी विद्यालयों में, जहां स्मार्ट क्लास के उपकरण उपलब्ध हैं, शत-प्रतिशत स्मार्ट क्लास संचालित कराने का निर्देश दिया गया।
विद्यालयों में विद्युत सेवा, शौचालय, पेयजल एवं स्वच्छता की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने, रोस्टर अनुसार नियमित स्वास्थ्य जांच एवं टीकाकरण सुनिश्चित कराने तथा संबंधित एमओआईसी के साथ समन्वय स्थापित कर बच्चों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने सहित अन्य आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों की सामूहिक जवाबदेही है। कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर जवाबदेही निर्धारित करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

