Categories

November 3, 2026

Suryoday Samvaad

Nayi Soch Nayi Disha

माननीय मुख्यमंत्री, झारखंड आज जिलावासियों को देंगे योजनाओं की सौगात, गांधी मैदान, मानगो में कार्यक्रम प्रस्तावित

जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त ने कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण, उप विकास आयुक्त, सिटी एसपी रहे मौजूद, तैयारियों को लेकर दिया गया आवश्यक दिशा-निर्देश

माननीय मुख्यमंत्री, झारखंड श्री चम्पाई सोरेन द्वारा पूर्वी सिंहभूम जिला अंतर्गत विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन तथा परसम्पत्ति वितरण 16 जून को गांधी मैदान, मानगो में किया जाएगा । कार्यक्रम स्थल पर की जा रही तैयारियों का निरीक्षण जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त श्री अनन्य मित्तल ने किया। मौके पर उप विकास आयुक्त श्री मनीष कुमार, सिटी एसपी श्री मुकेश लुणायत मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान सुरक्षा एवं विधि व्यवस्था संधारण, कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई, पार्किंग व्यवस्था, लाभुकों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता, चलंत शौचालय, मेडिकल टीम, एंबुलेंस की उपलब्धता, आवश्यक जगहों पर बैरिकेडिंग के साथ-साथ अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त ने भीषण गर्मी को देखते हुए पंडाल के अंदर विभाजित सभी जोन में पर्याप्त पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होने कहा कि विभिन्न योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्ति वितरण किया जाना है, उनके बैठने की व्यवस्था, सुगम आवागमन, पार्किंग आदि की पुनर्समीक्षा कर तैयारियों को मूर्त रूप दें। उन्होने कहा कि कार्यक्रम को लेकर सभी संबंधित विभाग अपने स्तर से तैयारी पूरी कर लें।

माननीय मुख्यमंत्री के आगमन पर जिले में सुगम यातायात व्यवस्था, सोनारी हवाई अड्डा से कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा एवं विधि व्यवस्था संधारण के दृष्टिकोण से सभी आवश्यक तैयारियों को दुरुस्त करने का टास्क पदाधिकारियों को दिया गया तथा हर स्तर पर पुनर्समीक्षा का निर्देश दिया गया । मौके पर डीटीओ श्री धनंजय, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री पंचानन उरांव, नगर निकाय के पदाधिकारी, थाना प्रभारी समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

About Author