ईचागढ़ में 3 किलोग्राम अफीम के साथ एक तस्कर गिरफ्तार, साथी फरार; पुलिस ने बाइक, इलेक्ट्रॉनिक तराजू व मोबाइल किया जब्त

गुप्त सूचना के आधार पर विशेष छापेमारी, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज; फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी जारी…
बिष्णु पद महापात्र 📲9471102055 (wa )
सरायकेला-खरसवां, 3 अगस्त, 2026 : सरायकेला-खरसवां पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ईचागढ़ थाना क्षेत्र से तीन किलोग्राम अफीम के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस दौरान उसका एक साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
सोमवार को चांडिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) शिव प्रकाश कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि ईचागढ़ थाना कांड के तहत रविवार को एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि ईचागढ़ थाना क्षेत्र के डुमटांड़ से पातकुम जाने वाले मार्ग पर कुछ लोग अफीम की खरीद-बिक्री करने वाले हैं।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने डुमटांड़ चौक से पातकुम जाने वाले मार्ग पर वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर एक युवक को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी मौके से फरार होने में सफल रहा।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान ईचागढ़ थाना क्षेत्र के बुरुहातु निवासी घासीराम साव के रूप में हुई है। उसकी तलाशी के दौरान तीन किलोग्राम अफीम बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन किलोग्राम अफीम के अलावा एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, वीवो कंपनी का टच स्क्रीन मोबाइल फोन, पीले रंग का प्लास्टिक बोरा तथा एक होंडा एसपी-125 मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
एसडीपीओ ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी दल में एसडीपीओ शिव प्रकाश कुमार, ईचागढ़ थाना प्रभारी वरुण यादव, पुलिस अवर निरीक्षक शशि भूषण सिंह मुंडा, सहायक अवर निरीक्षक सुरेश भगत तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
