झारखंड विशेष गहन पुनरीक्षण -2026 के तहत सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित

सरायकेला-खरसावां, 22 अगस्त 2026, शनिवार(भाग्य सागर):
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार झारखंड विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) -2026 के तहत जिले के सभी मतदान केंद्रों पर फॉर्म-6 एवं फॉर्म-8 के लिए द्वितीय एवं अंतिम विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम, पता इत्यादि में आवश्यक संशोधन तथा मतदाता सूची से संबंधित अन्य प्रक्रियाओं के लिए आम जनों से आवेदन प्राप्त कर आवश्यक जानकारी दी गई।
जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह द्वारा कपाली एवं चांडिल क्षेत्र में आयोजित विशेष शिविरों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने कपाली के अलकबीर पॉलिटेक्निक कॉलेज के मतदान केंद्र संख्या 347, 348, 349, 350, 351, 352, 353 एवं 354 तथा काशीपुर के मतदान केंद्र संख्या 358, 359, 360, 361, 362 एवं 363 में आयोजित विशेष शिविरों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित बीएलओ एवं आमजनों से वार्ता कर शिविर की गतिविधियों एवं प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में उन्होंने निर्देश दिया कि शत-प्रतिशत अनमैप्ड मतदाताओं को नियमानुसार नोटिस उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए, ताकि सभी संबंधित मतदाता समय सीमा के मध्य आवश्यक दस्तावेज जमा कर सकें और पुनरीक्षण प्रक्रिया में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। संबंधित पदाधिकारियों एवं बीएलओ को उन्होंने नोटिस वितरण की प्रक्रिया की नियमित निगरानी करते हुए सभी पात्र मतदाताओं को समय पर आवश्यक सूचना उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने उपस्थित आम जनों से स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ अपने आसपास के पात्र नागरिकों को भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करने की अपील की। छूटे हुए पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में जोड़ने के लिए फॉर्म-6 तथा मतदाता सूची में नाम, पता अथवा अन्य विवरण में आवश्यक संशोधन एवं स्थानांतरण के लिए फॉर्म-8 के संबंध में भी जानकारी दी गई।
जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में कोई पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे तथा कोई अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो। इसके लिए बीएलओ एवं संबंधित कर्मियों को प्राप्त आवेदनों एवं दस्तावेजों की सावधानीपूर्वक जांच तथा नियमानुसार सत्यापन के उपरांत ही आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।


