Categories

November 2, 2026

Suryoday Samvaad

Nayi Soch Nayi Disha

तैयारी पूरी, 14 केंद्रों पर होगी मतगणनाः के रवि कुमार

*सबसे अधिक चतरा व कोडरमा में 27 राउंड और सबसे कम 16 राउंड में खूंटी की होगी मतगणना

*सबसे पहले पोस्टल बैलेट की होगी गिनती

*एजेंट मतगणना केंद्र के कैंपस से बाहर निकले, तो फिर नहीं जा सकेंगे भीतर


रांची। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा है कि झारखंड के 14 संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना 14 केंद्रों पर होगी। मतगणना की सारी तैयारी पूरी कर ली गयी है। मतगणना मंगलवार की सुबह आठ बजे से शुरू होगी। सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती की जाएगी। उसके बाद इवीएम के मतों की गणना होगी। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के नियमों के तहत मतगणना केंद्र के भीतर किसी भी तरह का क्म्युनिकेशन डिवाइस ले जाने की अनुमति नहीं रहेगी। मतगणना केंद्र के भीतर गए एजेंट अगर एक बार भी मतगणना केंद्र के कैंपस से बाहर निकले, तो दोबारा वह भीतर नहीं जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि मौसम पूर्वानुमान में बताया गया है कि मतगणना के दौरान पलामू और चतरा में पारा 44 डिग्री के करीब रहने की संभावना है। वहीं कोल्हान में दोपहर बाद बारिश का पूर्वानुमान है। वह सोमवार को निर्वाचन सदन, धुर्वा में मीडिया से मुखातिब थे।

उन्होंने बताया कि सबसे अधिक 27 राउंड में चतरा व कोडरमा में मतगणना होगी। खूंटी में सबसे कम 16 राउंड में मतगणना होगी। उसी तरह गोड्डा में 26, हजारीबाग और धनबाद में 25, दुमका और सिंहभूम में 24, राजमहल में 23, पलामू में 22, जमशेदपुर में 21, रांची और लोहरदगा में 20 तथा गिरिडीह में 19 राउंड में मतगणना होगी। पोस्टल बैलेट की गणना के लिए 465 टेबुल बनाये गये हैं। वहीं इवीएम के मतों की गिनती 1429 टेबुलों पर होगी। उन्होंने बताया कि गाण्डेय विधानसभा उपचुनाव की मतगणना 24 राउंड में होगी।

उन्होंने बताया कि आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद से अब तक झारखंड में कुल 139 करोड़, 3 लाख, 9,542 रुपये मूल्य की अवैध सामग्री और नकदी की जब्ती की गयी है।

About Author