सरायकेला नप अध्यक्ष ने कहा—सुरक्षा सम्मान से भी ज्यादा जरूरी-सम्मान पाकर खिले सफाई मित्रों के चेहरे

सरायकेला, 30 सितंबर 2026,
बुधवार(भाग्य सागर)
स्वच्छता पखवाड़ा के अवसर पर नगर पंचायत सरायकेला द्वारा बुधवार को स्थानीय टाउन हॉल में “सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान समारोह” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सफाई मित्रों के योगदान को सम्मान देना, उन्हें सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराना तथा विभिन्न लाभकारी एवं कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी एवं उपाध्यक्ष अविनाश कवि ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर सफाई मित्रों को सम्मानित किया गया तथा उनके बीच पीपीई किट एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों का वितरण किया गया। सम्मान पाकर सफाई मित्रों के चेहरे खिल उठे और उनके बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला।
सफाई मित्रों को संबोधित करते हुए अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि सफाई मित्र शहर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं। कोरोना काल से लेकर भीषण गर्मी, बारिश और कड़ाके की ठंड जैसी विपरीत परिस्थितियों में भी उन्होंने पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ शहर को स्वच्छ रखने का कार्य किया है।
उन्होंने कहा, सफाई मित्रों का सम्मान जरूरी है, लेकिन उनकी सुरक्षा सम्मान से भी ज्यादा जरूरी है। सफाई कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने सभी सफाई मित्रों को सुरक्षा उपकरण पहनकर ही कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि “सावधानी हटी, दुर्घटना घटी।” सुरक्षा के प्रति थोड़ी सी भी लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है, इसलिए सुरक्षित रहकर ही अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

अध्यक्ष ने कहा स्वच्छ और सुंदर सरायकेला के निर्माण में सफाई मित्रों का योगदान अमूल्य है। नगर पंचायत उनके सम्मान, सुरक्षा और बेहतर कार्य वातावरण के लिए प्रतिबद्ध है। दो माह के लंबित मानदेय का भुगतान सोमवार तक किए जाने की घोषणा भी की तथा उनके हित में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
नगर पंचायत उपाध्यक्ष अविनाश कवि ने कहा कि सफाई मित्र प्रतिदिन शहर को स्वच्छ एवं स्वस्थ रखने के लिए मेहनत करते हैं। उनके योगदान का सम्मान करना समाज और नगर पंचायत दोनों की जिम्मेदारी है। उन्होंने नगर प्रबंधक को निर्देश दिया कि सफाई मित्रों को सरकार की विभिन्न लाभकारी एवं कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए आवश्यक पहल की जाए, ताकि उन्हें योजनाओं का समुचित लाभ मिल सके।
इस अवसर पर
वार्ड पार्षद शांति गोड़सेरा एवं सुषमा तियु नगर प्रबंधक देवाशीष प्रधान, सुमित सुमन, सीएमएम मनी मुकुट, कनीय अभियंता विक्की गोप, चांदनी मिंज, सफाई सुपरवाइजर बबन समीर, बीआईयू बजरंग महांती सहित नगर पंचायत के पदाधिकारी, कर्मी एवं सभी सफाई मित्र उपस्थित रहे।

