Seraikella : सरायकेला में उपायुक्त की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक सम्पन्न, योजनाओं की प्रगति व गुणवत्ता पर कड़े निर्देश…

बिष्णु पद महापात्र 📲 9471102055(wa)
सरायकेला : समाहरणालय सभागार, सरायकेला में मंगलवार को उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन एवं स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, डीआरसीएचओ, जिला समन्वयक (जल जीवन मिशन एवं एसबीएम-ग्रामीण) सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में दोनों योजनाओं के अंतर्गत संचालित कार्यों की प्रगति, निर्माणाधीन संरचनाओं की गुणवत्ता, फील्ड निरीक्षण रिपोर्ट तथा जियो-टैगिंग की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि पेयजल एवं स्वच्छता से जुड़ी योजनाएँ सीधे तौर पर नागरिकों के स्वस्थ, सम्मानजनक और स्वच्छ जीवन से संबद्ध हैं, इसलिए इनकी प्रगति “पृथ्वी की गति की भाँति लगातार, संतुलित और उद्देश्यपूर्ण” होनी चाहिए।
बैठक में उपायुक्त द्वारा दिए गए प्रमुख निर्देश—
जिले की सभी ग्राम पंचायतों में हर घर नल-जल योजना का लक्ष्य प्राथमिकता से पूर्ण किया जाए।
हर घर जल प्रमाणन केवल उन्हीं ग्राम पंचायतों में हो जहाँ जलापूर्ति संरचनाएँ पूर्णत: कार्यशील, सुरक्षित और संतोषजनक हों।
निर्माणाधीन एवं क्षतिग्रस्त संरचनाओं की तात्कालिक मरम्मत कर उन्हें जल्द क्रियाशील बनाया जाए।
कार्यान्वयन एजेंसियाँ गुणवत्ता, पारदर्शिता और समय-सीमा का कठोरता से पालन करें; लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
एसबीएस निरीक्षण रिपोर्ट के अनुरूप सभी योजनाओं का जियो-टैगिंग कार्य शीघ्र पूरा कराया जाए।
पूर्ण हो चुकी योजनाओं का विधिवत हस्तांतरण ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति (VWSC) को किया जाए।
स्वच्छता एवं पेयजल योजनाओं की सतत निगरानी, फील्ड सत्यापन और नियमित प्रगति प्रतिवेदन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किए जाएँ।
उपायुक्त ने विभागीय समन्वय, संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग और कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि फील्ड निरीक्षण को नियमित बनाकर योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक समयबद्ध रूप से पहुँचाया जाए।
यह बैठक जिले में स्वच्छता और सुरक्षित पेयजल उपलब्धता को और अधिक प्रभावी एवं परिणाममुखी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।
