Seraikella | Chandil : दलमा तराई में आंधी-बारिश का कहर : चालियामा–फारेंगा के कई परिवार बेघर, भाजपा दल ने पहुँचाई राहत…

बिष्णु पद महापात्र 📲 9471102055(wa)
सरायकेला : जिले के दलमा सेंचुरी की तराई क्षेत्र में स्थित निमडीह प्रखंड के चालियामा और फारेंगा गाँवों में हाल ही में आई तेज आंधी और बारिश ने भारी तबाही मचाई है। प्राकृतिक आपदा के कारण कई कच्चे मकान पूरी तरह धराशायी हो गए, जिससे अनेक परिवार बेघर हो गए हैं। तेज हवाओं से घरों की छतें उड़ गईं और दीवारें गिर पड़ीं, वहीं घरेलू सामान, अनाज और बच्चों की किताब-कापियाँ भीगकर नष्ट हो गईं।
प्रभावित परिवारों की स्थिति बेहद दयनीय हो गई है। कई लोग पड़ोसियों के घरों में शरण लेने को मजबूर हैं, जबकि कुछ लोग टूटे-फूटे आशियानों में ही रात गुजार रहे हैं। अचानक आई इस आपदा ने उनके सामने जीवनयापन का संकट खड़ा कर दिया है।
घटना की जानकारी मिलते ही शनिवार को भाजपा नेता पप्पू वर्मा अपने सहयोगियों के साथ मौके पर पहुँचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराई तथा आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया, जिससे प्रभावित लोगों को कुछ राहत मिल सकी।
इस दौरान उनके साथ निमडीह पूर्वी मंडल अध्यक्ष विपुल सिंह सरदार, पूर्व अध्यक्ष बासुदेव सिंह सरदार, माणिक मंडल, सरत सिंह सरदार, मनोज सिंह, विद्या गोप, गौरव गोप और लखन सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि उन्हें जल्द से जल्द आपदा राहत के तहत सहायता प्रदान की जाए तथा स्थायी पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि वे फिर से अपने जीवन को पटरी पर ला सकें।
