श्रावणी मेला 2026: वीआईपी दर्शन पर पूरी तरह रोक, रविवार और सोमवार को शीघ्रदर्शनम की व्यवस्था भी रहेगी बंद

देवघर: विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और स्थानीय तीर्थ पुरोहित समाज के बीच एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक हुई। बाबा बैद्यनाथ मंदिर के प्रशासनिक भवन में आयोजित इस चर्चा के दौरान सर्वसम्मति से बड़े फैसले लिए गए। उपायुक्त (डीसी) सौरभ भुवानिया और पंडा धर्मरक्षिणी सभा के अध्यक्ष डॉ. सुरेश भारद्वाज की अगुवाई में हुई इस उच्चस्तरीय बैठक में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को नियंत्रित करने और मंदिर प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से मंथन किया गया।
पुरोहित समाज द्वारा दिए गए सुझावों को स्वीकार करते हुए उपायुक्त ने घोषणा की कि इस वर्ष श्रावणी मेले के दौरान रविवार और सोमवार को ‘शीघ्रदर्शनम’ (सशुल्क वीआईपी कूपन) की सुविधा पूरी तरह स्थगित रहेगी। इसके अलावा, इन दिनों में किसी भी प्रकार के वीआईपी, वीवीआईपी या बिना कतार (आउट ऑफ टर्न) के जलार्पण की अनुमति नहीं होगी। रविवार और सोमवार को छोड़कर सप्ताह के बाकी पांच दिन भी शीघ्रदर्शनम के तहत जलार्पण की व्यवस्था केवल रात आठ बजे तक ही संचालित की जाएगी।
डीसी ने कहा
उपायुक्त सौरभ भुवानिया ने स्पष्ट किया कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य सभी पक्षों के समन्वय से शिवभक्तों को एक सुखद, सुरक्षित और सुलभ जलार्पण का अनुभव प्रदान करना है। इसके लिए पूरे मेला परिक्षेत्र में व्यापक स्तर पर इंतजाम किए जा रहे हैं। बैठक में पुरोहित समाज के प्रतिनिधियों ने न केवल श्रावणी मेले बल्कि सालभर मंदिर परिसर में उमड़ने वाली भीड़, कूपन सिस्टम की कमियों, प्रोटोकॉल के दुरुपयोग से होने वाले अवैध प्रवेश, साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सा, सुरक्षा, यातायात और बाबा मंदिर के कपाट खुलने व बंद होने के तय समय जैसे गंभीर मुद्दों पर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।
प्रशासनिक टीम (जिसमें डीसी, एसपी, डीडीसी, एसडीएम और नगर आयुक्त शामिल थे) ने बारी-बारी से सभी विषयों पर अपना पक्ष रखा और तैयारियों के रोडमैप से अवगत कराया। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि धार्मिक परंपराओं की मर्यादा और भक्तों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
यात्रियों व तीर्थ पुरोहितों को नहीं हो परेशानी: अध्यक्ष
पंडा धर्मरक्षिणी सभा के अध्यक्ष डॉ. सुरेश भारद्वाज ने अपनी बात रखते हुए कहा कि जिला प्रशासन को एक ऐसा ढांचा तैयार करना चाहिए जिससे देश-विदेश से आने वाले कांवरियों को तो सहूलियत मिले ही, साथ ही दैनिक रूप से पूजा-अर्चना कराने वाले स्थानीय तीर्थ पुरोहितों को भी अपने दायित्वों को निभाने में किसी तरह की बाधा या परेशानी का सामना न करना पड़े।
सावन से पहले होगा नया ओवर ब्रिज शुरू: एसडीएम
एसडीएम सह बाबा मंदिर प्रभारी रवि कुमार ने पुरोहित समाज को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनके पारंपरिक अधिकारों और सम्मान की हर हाल में रक्षा की जाएगी। उन्होंने एक बड़ी जानकारी साझा करते हुए बताया कि मंदिर परिसर के समीप बन रहा नया ओवरब्रिज अगले तीन दिनों के भीतर पूरी तरह तैयार हो जाएगा और श्रावणी मेले के आधिकारिक आगाज से पहले इसे आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया जाएगा।
