Categories

October 26, 2026

Suryoday Samvaad

Nayi Soch Nayi Disha

नीमडीह में लर्नर लाइसेंस शिविर संपन्न, 159 में 106 अभ्यर्थी परीक्षा में सफल

सरायकेला-खरसावाँ : 23 जुलाई : जिला परिवहन कार्यालय, सरायकेला-खरसावाँ द्वारा उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी नितिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार प्रखंडवार लर्नर लाइसेंस शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को नीमडीह प्रखंड के बामनी उच्च विद्यालय परिसर में लर्नर लाइसेंस शिविर आयोजित किया गया।

शिविर में केतुंगा पंचायत के उन अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिन्होंने पूर्व निर्धारित प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन स्लॉट बुक कराया था। इस दौरान अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन, ऑनलाइन आवेदन की जांच तथा निर्धारित नियमों के अनुरूप लर्नर लाइसेंस परीक्षा आयोजित की गई।

जिला परिवहन कार्यालय के अनुसार शिविर के लिए 159 अभ्यर्थियों का स्लॉट निर्धारित था। इनमें 106 अभ्यर्थी परीक्षा में सफल, 22 अभ्यर्थी असफल तथा 31 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। सफल सभी अभ्यर्थियों को नियमानुसार लर्नर लाइसेंस उपलब्ध कराया गया।

शिविर के दौरान मोटर वाहन निरीक्षक (एमवीआई) के साथ प्रखंड प्रशासन के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे और पूरी प्रक्रिया का संचालन निर्धारित मानकों के अनुरूप किया गया।

जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि प्रखंड स्तर पर आयोजित किए जा रहे इन शिविरों का उद्देश्य आम नागरिकों को उनके निकट ही लर्नर लाइसेंस से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराना तथा आवेदन प्रक्रिया को सरल एवं सुगम बनाना है। उन्होंने अभ्यर्थियों से परिवहन विभाग की ऑनलाइन सेवाओं का अधिकाधिक उपयोग करने तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन एवं स्लॉट बुकिंग सुनिश्चित करने की अपील की।

उन्होंने सभी वाहन चालकों से वैध ड्राइविंग लाइसेंस के साथ ही वाहन चलाने, यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने और सड़क सुरक्षा के प्रति सदैव सजग रहने की भी अपील की।

Source : IPRD, Seraikella – Kharsawan.

About Author

Leave a Reply