Categories

October 27, 2026

Suryoday Samvaad

Nayi Soch Nayi Disha

रिम्स में खुलेगा ह्यूमन मिल्क बैंक, नवजातों को मिलेगा अमृत

रांची (रिपोर्ट – राजीव पांडेय): राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (RIMS), रांची में जन्म लेने वाले नवजात शिशुओं को अब मां के दूध से महरूम नहीं रहना पड़ेगा। अस्पताल परिसर में जल्द ही अत्याधुनिक ‘ह्यूमन मिल्क बैंक’ की शुरुआत होने जा रही है। विश्व स्तनपान सप्ताह के आयोजन से ठीक पूर्व गुरुवार को ‘रोटरी क्लब ऑफ रांची’ की ओर से इस संदर्भ में आधिकारिक प्रस्ताव रिम्स प्रशासन को सौंपा गया। इस प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारने के लिए रोटरी क्लब की तरफ से 46.57 लाख रुपये का वित्तीय सहयोग प्रदान किया जाएगा।

इस सीएसआर (CSR) पहल के माध्यम से रिम्स में एक ‘कॉम्प्रिहेंसिव लैक्टेशन मैनेजमेंट सेंटर’ का निर्माण किया जाएगा। इसके क्रियान्वयन के साथ ही रिम्स झारखंड का पहला ऐसा सरकारी चिकित्सा संस्थान बन जाएगा, जहां मानव दुग्ध बैंक की सुविधा उपलब्ध होगी।

यह पूरी व्यवस्था केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा वर्ष 2017 में जारी ‘पब्लिक हेल्थ फैसिलिटीज में लैक्टेशन मैनेजमेंट सेंटर्स’ की राष्ट्रीय नियमावली के अनुरूप संचालित होगी। रिम्स के निदेशक ने इस जनहित प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान करते हुए शिशु रोग (नियोनेटोलॉजी) विभाग को आगे की कागजी औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। इस व्यवस्था का सबसे अधिक फायदा उन प्री-मैच्योर (समय से पूर्व जन्मे), गंभीर रूप से बीमार और कम वजन वाले नवजातों को मिलेगा, जिनकी माताएं किसी कारणवश स्तनपान कराने में असमर्थ होती हैं।

रिम्स निदेशक ने क्या कहा?

मामले की पुष्टि करते हुए रिम्स के निदेशक डॉ. डी. के. सिन्हा ने बताया कि रोटरी क्लब ऑफ रांची के प्रतिनिधियों ने मुलाकात कर संस्थान में आधुनिक उपकरणों के साथ मिल्क बैंक स्थापित करने की योजना प्रस्तुत की है। इसके लिए संगठन द्वारा 46.57 लाख रुपये का आर्थिक सहयोग दिया जाएगा। निदेशक ने उम्मीद जताई कि इस केंद्र के क्रियाशील होने से राज्य भर से इलाज के लिए आने वाले असहाय व गंभीर शिशुओं को नई जिंदगी मिल सकेगी।

मिल्क बैंक बनाने में कहां कितनी लागत

ह्यूमन मिल्क बैंक की स्थापना और उपकरणों की खरीद पर होने वाले कुल व्यय का विवरण इस प्रकार है:

उपकरण / कार्य विवरणअनुमानित लागत (रुपये में)
ऑटोमेटेड ह्यूमन मिल्क पाश्चराइजर30,00,000
हॉस्पिटल-ग्रेड इलेक्ट्रिक ब्रेस्ट पंप (4 पीस)6,00,000
कंगारू मदर केयर चेयर (10 पीस)1,85,000
लैमिनार एयर फ्लो कैबिनेट2,50,000
वर्टिकल डीप फ्रीजर (-20°C, 350 लीटर)1,00,000
पोर्टेबल ऑटोक्लेव (16 लीटर)2,00,000
प्लेटफॉर्म, पार्टिशन एवं सिविल वर्क (2 यूनिट)1,00,000
हॉट एयर ओवन (80 लीटर)1,00,000
कंप्यूटर एवं सॉफ्टवेयर सिस्टम55,000
मिल्क स्टोरेज कंटेनर (विभिन्न माप – 250, 130 व 50 मिली)50,000
रिक्लाइनिंग लैक्टेशन चेयर (प्रति माता)8,000
बारकोड प्रिंटर एवं लेबलिंग मशीन9,000

About Author

Leave a Reply